भोपाल, 25/07/2025। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व प्रदेश मीडिया प्रभारी स्वर्गीय श्री प्रभात झा की प्रथम पुण्यतिथि पर ग्वालियर के जीवाजी विश्वविद्यालय के अटल सभागार में आयोजित कार्यक्रम को वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया। इस दौरान वरिष्ठ नेताओं ने स्वर्गीय प्रभात झा के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन कर पुस्तक का विमोचन किया। मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रभात जी ने प्रतिबद्व कार्यकर्ता रूप में अपनी भूमिका निभाई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय कार्यकारिणी सदस्य श्री यशवंत इंदापुरकर ने कहा कि स्वर्गीय प्रभात झा ने संघ के संस्कारों को अपने जीवन में उतारा था। पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने कहा कि पार्टी के उत्थान में स्वर्गीय प्रभात झा का योगदान अविस्मरणीय है। वरिष्ठ नेता श्री जयभान सिंह पवैया ने कहा कि स्वर्गीय प्रभात जी हमेशा प्रतिशोध की राजनीति से दूर रहे। सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि प्रभात झा जी ने हमें संवाद और सम्पर्क कराना सिखाया। कार्यक्रम को दिल्ली प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष और सांसद श्री मनोज तिवारी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. गोविन्द सिंह, पार्टी के प्रदेश मंत्री श्री लोकेन्द्र पाराशर आदि ने भी सम्बोधित कर अपने-अपने स्मरण सुनाये। कार्यक्रम का आभार उनके पुत्र श्री तुष्मुल झा ने व्यक्त किया।
अपना पूरा जीवन विचारधारा के लिए समर्पित कर दिया-श्री नरेन्द्र सिंह तोमर
मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रभात जी अपनी बुद्धिमत्ता से विषय का प्रतिपादन ऐसा करते थे कि उस विचार को दिशा मिलती थी। इसी प्रतिभा के कारण वह बहुत ही कम समय में वह राज्यसभा में बहुत अच्छे वक्ता के रूप में जाने जाते थे। वह पार्टी के पदाधिकारी के रूप में संवाद और संपर्क प्रमुख रहे, तब लगातार उनकी यह कोशिश रहती थी कि जो विषय वस्तु मेरे पास है और जो विपक्ष में हमारे लिए उपयोगी है या सत्ता पक्ष में हमारे लिए उपयोगी है। उस विषय वस्तु से कार्यकर्ता को दक्ष किया जाए। स्वर्गीय प्रभात जी ने पत्रकारिता के माध्यम से स्वदेश अखबार को नई उंचाईयों पर पहुंचाया। वहीं कमल संदेश का संपादन हो या अनेक पुस्तकों में भिन्न-भिन्न विषयों पर लिखने का मामला हो, उन्होंने निश्चित रूप से मूर्त स्वरूप प्रदान किया। आज वह सारी पुस्तकें हमारा पथ प्रदर्शन करने के लिए बहुत ही उपयोगी हैं। मध्यप्रदेश में पार्टी संगठन के विस्तार एवं उसे सुदृढ़ बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रभात झा जी ने अपना पूरा जीवन विचारधारा के लिए समर्पित कर दिया।
स्वर्गीय प्रभात झा जी ने संघ के संस्कारों को अपने जीवन में उतारा-श्री यशवंत इंदापुरकर
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय कार्यकारिणी सदस्य श्री यशवंत इंदापुरकर ने कहा कि स्वर्गीय प्रभात झा जी ने संघ के संस्कारों को अपने जीवन में उतारने का काम किया। उन्होंने संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की इच्छा को आदेश मानकर अपने आप को राष्ट्र निर्माण में झोंक दिया। ऐसे बहुत से कार्य जो प्रतिकूल परिस्थिति में लगभग कठिन लगते थे, प्रभात जी ने सबको साथ में लेकर उन कार्यों को करके दिखाया। उनका पत्रकारिता का जीवन आज की खोजी पत्रकारिता करने वालों के लिए एक उदाहरण है। मेरा सौभाग्य है कि मुझे स्वदेश में उनके साथ काम करने का अवसर मिला।
पार्टी के उत्थान में उनका योगदान अविस्मरणीय -श्री हितानंद जी
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने कहा कि श्रद्धेय प्रभात जी का सम्पूर्ण जीवन संगठन के कार्यों एवं समाज सेवा हेतु समर्पित रहा है। उन्होंने अपने व्यक्तित्व से अमिट छाप छोड़ी है। राजनीति, पार्टी के उत्थान में उनका योगदान अविस्मरणीय है। संगठन में कई महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हुए संगठन को आगे बढ़ाने का कार्य किया। प्रभात जी ने भाजपा कार्यालय में रहकर स्वदेश का काम करते थे। उन्होंने परिश्रम की पराकाष्ठा की। जब भी कोई व्यक्ति उनके पास जाता था तो उसका भरपूर सहयोग करते थे। वे जीवन पर्यंत चरैवेति-चरैवेति के मंत्र पर चलते रहे। हमेशा पत्रकारिता के शिखर पर रहे। भाजपा के मीडिया विभाग में संपर्क एवं संवाद के प्रमुख के रूप में लंबे समय तक काम किया।
स्वर्गीय प्रभात जी प्रतिशोध की राजनीति से दूर रहे -श्री जयभान सिंह पवैया
भाजपा के वरिष्ठ नेता व महाराष्ट्र के सह प्रभारी श्री जयभान सिंह पवैया ने कहा कि प्रभात जी का जीवन भाव की कोख से निकालकर संघर्ष की भट्टी में जो तपता है और सोना नहीं कुंदन बन जाता है, ऐसे ही उनके व्यक्तित्व का पूरा निर्माण हुआ है। प्रभात जी और मेरा 46 वर्ष का साथ रहा है। 1978 में 7879 के दौर में प्रभात जी का आवास मुखर्जी भवन बीजेपी कार्यालय हुआ करता था। प्रभात जी से जब मेरा संपर्क हुआ तो वे सगे भाई की तरह हो गए। प्रभात जी से रिश्ता भाई, गुरु भाई और पत्रकार के रूप में रहा है। राजनेता के रूप में उनकी भूमिकाएं बदलती रही परंतु पारिवारिक रिश्ता कभी नहीं बदला। वे शून्य से सृजन करने की और निर्जन में उपवन बनाने की क्षमता रखते थे। उनका चुंबकीय आकर्षण ऐसा था कि युवाओं का एक बड़ा वर्ग ग्वालियर में खड़ा हो जाता था। स्वदेश अखबार के ही कागज पर सैकड़ों पत्र पार्टी कार्यकर्ताओं को लिफाफे से भेजना उनका नियमित काम था। वे कहते थे तीन प्रकार होते हैं संपर्क, संवाद और संबंध। वे हमेशा प्रतिशोध की राजनीति से बहुत दूर रहे।
प्रभात झा जी ने हमें संवाद और सम्पर्क कराना सिखाया -श्री भारत सिंह कुशवाह
सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि मुझे जिला अध्यक्ष रहते हुए स्वर्गीय प्रभात झा के कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ। स्वर्गीय प्रभात झा ने हमें संवाद और सम्पर्क ही कार्यकर्ता की असली पूंजी है यह सिखाया है। कार्यकर्ता और उनके कार्य के प्रति उनका स्नेह हमेशा बना रहा। उनके मार्गदर्शन और उनके नेतृत्व में हमने कार्य किया है, वह हमारे बीच सदैव रहेंगे।
इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह, श्री एदल सिंह कंसाना, श्री लखन पटेल, श्री राकेश शुक्ला, पूर्व सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर, पूर्व मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा, अनुसूचित जाति के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लालसिंह आर्य, सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर, प्रदेश उपाध्यक्ष व सांसद श्री आलोक शर्मा, प्रदेश महामंत्री श्री रणवीर रावत, पूर्व सांसद श्री केपी यादव, पूर्व मंत्री इमरती देवी, महापौर श्रीमती शोभा सिकरवार, विद्यायक श्री मोहन सिंह राठौर, पूर्व सांसद श्री आलोक संजर, श्री अशोक अर्गल, पूर्व मंत्री श्री अनूप मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री जीतू जराती, श्री मुकेश चतुर्वेदी, प्रदेश महामंत्री एवं विधायक श्री भगवानदास सबनानी, श्री लोकेंद्र पाराशर, प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री आशीष उषा अग्रवाल, श्री तपन भौमिक, श्री आशुतोष तिवारी, श्री शैलेन्द्र बरुआ, ग्रामीण जिलाध्यक्ष श्री प्रेम सिंह राजपूत सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
-प्रभात जी ने अपना पूरा जीवन विचारधारा के लिए समर्पित किया -श्री नरेन्द्र सिंह तोमर
